
चुनाव आयोग द्वारा 5 राज्यों में चुनावों की घोषणा के साथ ही आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी अपने चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन कर आज से ही उन्हें घर-घर जाकर प्रचार करने के लिए प्रोत्साहित किया। केजरीवाल ने कहा कि हमें किसी पार्टी के खिलाफ कुछ भी नकारात्मक नहीं कहना है। हमें केवल सकारात्मक अभियान चलाना है। जब आप लोगों से मिलें तो उन्हें दिल्ली में ‘आप’ सरकार द्वारा किए गए अच्छे कामों के बारे में बताएं।
केजरीवाल ने कहा कि प्रकाश पर्व के अवसर पर सभी को बधाई। चुनाव आयोग ने पांच राज्यों में चुनाव की घोषणा की है। चुनाव हमारे लिए एक पार्टी को हराने और दूसरी पार्टी को सत्ता में लाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और देश में बदलाव लाने का एक मौका है। जब आप प्रचार करने जाएं, तो आपको यह महसूस होना चाहिए कि ‘आप’ देशभक्ति का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब आप (कार्यकर्ता) इसी मंशा से चुनाव प्रचार के लिए निकलेंगे तो आने वाले दिनों में मौजूदा भ्रष्ट व्यवस्था को उखाड़ कर एक नई और ईमानदार व्यवस्था लागू होगी। दिल्ली में हमने दिखाया है कि बदलाव संभव है।
‘आप’ सुप्रीमो ने देश में अन्य पार्टियों की आलोचना करते हुए कहा कि इन पार्टियों ने अब तक दिखाया है कि गरीबों के बच्चों को अच्छी शिक्षा नहीं दी जा सकती है। इन पार्टियों ने 75 साल में व्यवस्था नहीं बदली है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने घर-घर जाकर प्रचार करने की अनुमति दी है। आप सभी (कार्यकर्ता) आज से ही घर-घर जाएं। “घर-घर अभियान में, जब भी आप किसी के घर जाते हैं, तो मैं अपने सभी कार्यकर्ताओं को सलाह देता हूं कि पहले उनकी स्थिति पूछें और जरूरत पड़ने पर उनकी मदद करें। यह राज्यों के लोगों की सेवा करने का हमारा अवसर होना चाहिए। लोगों को यह बताएं कि कैसे ‘आप’ ने दिल्ली में स्कूलों, अस्पतालों, बिजली और पानी से जुड़ी समस्याओं को ठीक किया है।
केजरीवाल ने कहा कि हमें एक सकारात्मक अभियान चलाना है। हम यहां किसी अन्य पार्टी को गाली देने के लिए नहीं हैं। हमें सभी का दिल जीतना है। अगर कोई पूछता है कि आप सब कुछ मुफ्त क्यों देती है, तो उनसे पूछें कि आज कोई मुफ्त शिक्षा से वंचित क्यों है?।
चुनाव नजदीक हैं, मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी राज्यों में सत्ता में आती है तो जनता की सेवा करेगी। जनता को सभी आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी।
देश में मौजूदा COVID-19 स्थिति को देखते हुए केजरीवाल ने कहा कि अगले एक महीने के लिए सभी को अपने काम से देश के लोगों के लिए छुट्टी ले लेनी चाहिए। प्रत्येक बूथ पर लगभग 10 कार्यकर्ताओं की एक टीम का गठन किया जाना है। सभी को मास्क पहनना चाहिए। सरकार द्वारा निर्धारित सभी COVID-19 प्रोटोकॉल का पालन करें। केजरीवाल ने कहा कि हमें सोशल मीडिया के माध्यम से भी हर वोटर और हर घर तक पहुंचना है। आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता कट्टर देशभक्त है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ कार्यकर्ता सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया के अन्य साधनों में भी माहिर हैं। हमें इस माध्यम से भी सभी तक पहुंचना है।
पांच राज्यों के विस चुनावों का ऐलान, 7 चरणों में होगा मतदान
चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर विधानसभाओं के चुनाव कार्यक्रमों का शनिवार को ऐलान कर दिया। पांचों राज्यों की कुल 690 विधानसभा सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। गोवा, पंजाब और उत्तराखंड में जहां एक चरण में मतदान होगा, वहीं, मणिपुर में दो चरण और उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। पहले चरण में 10 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और सभी राज्यों में मतगणना 10 मार्च को होगी। चुनावों की घोषणा के साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता भी लागू हो गई है। चुनाव के दौरान कोविड गाइडलाइन सख्ती से लागू की जाएगी। उत्तर प्रदेश में 403, पंजाब में 117, उत्तराखंड में 70, मणिपुर में 60 और गोवा में 40 विधानसभा सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। कोविड के खतरे को ध्यान में रखते हुए रैलियों पर रोक लगाई गई है। केवल वर्चुअल रैलियों की इजाजत दी गई है। इस बार महिला मतदाताओं की तादाद बढ़ी है।
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) सुशील चंद्रा ने कहा कि 15 जनवरी तक किसी भी रोड शो, पदयात्रा, साइकिल या बाइक रैलियों और जुलूसों की अनुमति नहीं दी जाएगी। स्थिति की समीक्षा की जाएगी और बाद में नए निर्देश जारी किए जाएंगे। आयोग ने कहा कि एक समय में 5 से अधिक व्यक्तियों को घर-घर जाकर प्रचार करने की अनुमति नहीं होगी।