
आईपीएल 2022 के आगाज होने से कुछ ही दिन पहले महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। उनकी जगह अब रविंद्र जडेजा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी के साथ आईपीएल में बतौर कप्तान धोनी के कार्यकाल का अंत हुआ। 2008 से इस टीम से जुड़े धोनी चेन्नई को 4 खिताब जीता चुके हैं। सीएसके ने 2021 में अपना आखिरी खिताब जीता था और वह आईपीएल की दूसरी सबसे सफल टीम है। सीएसके इस साल अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
धोनी के कप्तानी छोड़ने के बाद उनका 2021 फाइनल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो केकेआर के खिलाफ फाइनल मैच के बाद पोस्ट प्रेजेंटेशन का है। वीडियो में हर्षा भोगले ने धोनी से पूछा, ‘आपने जो इतने सालों से टीम के लिए शानदार काम किया उसके लिए शुक्रिया। आप अपने पीछे एक विरासत छोड़कर जा रहे हैं।
धोनी ने हंसते हुए हर्षा को इसका जवाब देते हुए कहा, ‘लेकिन मैंने अभी तक छोड़ा नहीं है।’ यह सीएसके के बतौर कप्तान धोनी के कुछ आखिरी शब्द थे।
धोनी के इस बयान के बाद से ही अटकलें लगाई जाने लगी थी कि वह आईपीएल 2022 का सीजन खेलेंगे, मगर किसी को यह नहीं पता था कि वह बतौर कप्तान हीं बतौर खिलाड़ी खेलेंगे।
धोनी जडेजा के रूप में सीएसके का फ्यूचर कैप्टन तैयार कर रहे हैं। यह उसी तरह है जैसे उन्होंने टीम इंडिया के लिए विराट कोहली को तैयार किया था। अब देखना होगा कि धोनी के कप्तानी छोड़ने के बाद सीएसके टाइटल डिफेंड कर पाती है या नहीं।