ईरान से उठे पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी-पश्चिम हवाओं के मिलने से लखनऊ का मौसम ऐसा बदला की पिछले 12 वर्षों में चौथी बार इतनी बरसात मार्च में किसी एक दिन हुई। मौसम विभाग ने सोमवार को 18 मिलीमीटर बरसात दर्ज की। बरसात से दिन का तापमान सामान्य से 11 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। वहीं रविवार की अपेक्षा सोमवार को पारा चार डिग्री लुढ़क गया। मौसम विभाग ने सोमवार को अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
पिछले वर्ष मार्च में नहीं हुई थी बारिश
पिछले तीन वर्षों में मार्च में किसी एक दिन इतनी बरसात नहीं हुई जितने सोमवार को हुई। पिछले साल मार्च में एक बूंद भी पानी नहीं बरसा था। साल 2021 में मार्च सूखा रहा। हां साल 2020 की नौ मार्च को धमाकेदार बरसात हुई थी। इस दिन 22.3 मिलीमीटर बरसात हुई थी। पिछले 12 वर्षों में 11 मार्च 2015 में सबसे अधिक 28.9 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई थी।
फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के निदेशक मो. दानिश ने बताया कि मंगलवार को भी ऐसा मौसम रहेगा। बदली और बरसात की संभावना है। इसके बाद ईरान के ऊपर एक और पश्चिमी विक्षोभ तैयार हुआ है। यह भी अफगानिस्तान और पाकिस्तान के रास्ते भारत में दाखिल होगा। इसका असर 24 मार्च से दिखेगा। पर यह ज्यादा मजबूत नहीं है। बदली और हल्की-फुल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 26 मार्च से मौसम साफ रहने की संभावना है।
पिछले 12 वर्षों में मार्च में एक दिन सर्वाधिक वर्षा