
सीएम योगी आदित्यनाथ और मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण के चलते नगर निगम ने राजधानी के 31 बड़े मंदिरों को भव्य सजाया है। यहां एलइडी स्ट्रिप, बिजली झालरें लगाई गई हैं तो आज फूल मालाओं से सजाया जाएगा। पूरे दिन यहां प्रसाद भी बांटा जाएगा।
नगर आयुक्त अजय द्विवेदी ने बताया कि कुल 31 मंदिरों की साज-सज्जा हो रही है। शनि देव मंदिर क्लार्क अवध के पीछे, दुर्गा जी मंदिर कुंडरी रकाबगंज, मनकामेश्वर मंदिर, हनुमान सेतु मंदिर, मोनी बाबा मंदिर आलमबाग, कोणेश्वर मंदिर, महादेव बुद्धेश्वर मंदिर, भूतनाथ मंदिर समेत 31 मंदिर सजाए गए हैं।
सुबह आठ से दस बजे तक वार्डों में होगी पूजा
नई सरकार के शपथ ग्रहण से पूर्व शुक्रवार सुबह विधायक, पार्षद, पदाधिकारी अपने-अपने वार्ड में सुबह आठ से 10 के बीच मंदिरों में प्रदेश के भविष्य, उत्थान के लिए पूजन करेंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने गुरुवार शाम इसकी तैयारी बैठक की। सभी पदाधिकारियों को बता दिया गया है। सभी 110 वार्डों में एक साथ पूजा शुरू की जाएगी। इसके बाद पदाधिकारी समारोह जाएंगे। पार्टी से शपथ ग्रहण से पहले के इस आयोजन में सभी कार्यकर्ताओं को सहयोग करने के लिए कहा गया है।
नगर निगम ने ये चौराहे और मार्ग भी सजाए
मुख्यमंत्री आवास के आसपास भवन, पेड़, विधान सभा मार्ग, कालिदास मार्ग, राज भवन मार्ग एलइडी स्ट्रिप तिरंगे की सजावट, राजभवन के पेड़ों पर झालर लगाकर सजावट, रेस कोर्स चौराहे, कटाई पुल पर सजावट, समतामूलक, प्रतिष्ठा चौराहा, कालिदास चौराहा, विक्रमादित्य मार्ग चौराहे को लाइट-फव्वारों से सजाया गया है।