
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के शपथ ग्रहण समारोह में निवर्तमान उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के सामने उस समय अप्रिय स्थिति पैदा हो गई जब उन्हें मंच पर बैठे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निकट जाने से रोक दिया गया। डॉ. शर्मा का नाम शुक्रवार को शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची में नहीं था।
वर्तमान में वह विधान परिषद के सदस्य हैं। वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में गठित सरकार में उन्होंने उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया था। उनके पास माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा आईटी व इलेक्ट्रानिक्स जैसे विभाग थे। इससे पहले वह दो बार लखनऊ के महापौर रहे थे। उप मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद उन्हें विधान परिषद सदस्य मनोनीत किया गया था, जहां वह पूरे पांच साल नेता सदन की भूमिका में थे।