
आगरा जिले के थाना खंदौली परिसर में शुक्रवार की रात एक सेवानिवृत्त कर्नल की कार पिल्ले के ऊपर चढ़ गया। पिल्ले ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह देख पुलिस ने नाराजगी जताई। अपनी ओर से कार चालक के खिलाफ पशु वध की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया। पिल्ले के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
ढाई महीने पहले थाना परिसर में मादा श्वान के तीन पिल्लों को जन्म दिया। उस समय मौसम सर्द था। पुलिस ने तीनों की देखभाल का इंतजाम किया। वे बीमार पड़े तो डॉक्टर बुलाया। इंजेक्शन लगवाए। उनके लिए दूध का इंतजाम किया। तीनों पिल्ले थाना परिसर में ही रहने लगे। पुलिस के अनुसार शुक्रवार की रात रिटायर्ड कर्नल अश्वनी कुमार यादव अपनी पत्नी के साथ ऑडी गाड़ी से आए थे। उनका अपने खानदानियों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। वह गाड़ी को थाना परिसर में लेकर आए। जल्दबाजी में उन्होंने यह तक नहीं देखा कि एक पिल्ला कार के आगे था। उस पर पहिया चढ़ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। कहा कि थाना परिसर में ही उन्होंने एक बेजुबान की जान ले ली। सड़क पर गाड़ी चलाते समय कोई जानवर अचानक सामने आ जाए तो कोई बात नहीं। थाना तो पुलिस का घर है। थाने में तैनात हेड कांस्टेबल नागेंद्र सिंह की तहरीर पर कार संख्या के आधार पर कर्नल अश्वनी कुमार यादव के खिलाफ आईपीसी की धारा 429 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी विपिन कुमार गौतम ने बताया कि श्वान के बच्चे का पोस्टमार्टम कराया गया है। उसके बाद उसे थाने में ही दफना दिया गया है।
संबंधित खबरें
हाथों से खिलाते थे खाना
थाना प्रभारी खंदौली विपिन कुमार गौतम ने बताया कि थाना में प्रत्येक पुलिस कर्मी बेजुबानों का ध्यान रखता था। यही सोचा था कि तीनों बड़े हो जाएंगे तो चले जाएंगे। पुलिस ही उन्हें खाना देती। बीमार होने पर दवा देती थी। पुलिस कर्मियों की आंखों के सामने एक पिल्ले पर गाड़ी चढ़ गई। सभी को बहुत दुख हुआ।